Thursday, August 23, 2012

सिख दंपति ने भगाए डकैत

 एक सिख दंपति ने हिम्मत से डकैतों को भागने पर मजबूर कर दिया। हालांकि बदमाशों के हमले में पति-पत्नी घायल भी हुए। यह घटना मध्यमग्राम में एयरपोर्ट थाना इलाके के ग्रीन पार्क में हुई है।
सूत्रों ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि देविंदर सिंह और उनकी पत्नी जसविंदर कौर ग्रीन पार्क इलाके में रहते हैं। ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े सिंह ज्यादातर बाहर ही रहते हैं, मंगलवार को वापस लौटे थे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बुधवार तड़के डकैतों के एक दल ने उनके घर पर हमला किया। डकैतों का दल दरवाजे का ताला तोड़ कर भीतर घुसा। अचानक तड़के शोर सुनकर पति की नींद टूट गई। उन्होंने डकैतों का विरोध किया। डकैतों ने तेज धार हथियार से उनके शरीर पर वार किया। डकैतों के हमले से उनकी पत्नी भी घायल हुई। डकैतों ने पति-पत्नी की हत्या की धमकी भी दी। शोर-शराबा सुनकर पड़ोसी भी वहां पहुंच गए। आखिर जान बचाने के लिए डकैतों का दल भागने को मजबूर हुआ।
सूत्रों ने बताया कि डकैतों के पास तेज धार हथियार थे। मंगलवार को बाहर से लौटे थे, इसलिए उनके पास नगद रुपए भी थे। पुलिस का मानना है कि इसलिए डकैतों ने फायदा उठाना चाहा। डकैतों ने इलाके के दो और घरों का ताला तोड़ने का भी प्रयास किया था। इस मामले की शिकायत एयरपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की । हालांकि इस मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

No comments:

Post a Comment